नवगछिया। परबत्ता थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती के साथ शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने दो वर्षों तक युवती से शादी का वादा कर संबंध बनाए। इस दौरान युवती गर्भवती हो गई। जब उसने युवक पर शादी का दबाव बनाया, तो उसने धोखे से उसे दवा खिलाकर पांच माह के गर्भ का गर्भपात करा दिया।
गर्भपात के बाद लगातार हो रहे रक्तस्राव के कारण युवती की हालत गंभीर बनी हुई है। मामले में न्याय की गुहार लगाते हुए पीड़िता ने शुक्रवार को परबत्ता थाना के साथ-साथ बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी को भी आवेदन दिया है।
युवती के परिजनों ने गांव में पंचायत बुलाई, लेकिन आरोपी युवक ने पंचायत का फैसला मानने से इनकार कर दिया। घटना की पुष्टि करते हुए सरपंच प्रमोद मंडल ने कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव मदद की जाएगी।

इस संबंध में परबत्ता थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार ने बताया कि अभी तक पुलिस को आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है और न ही घटना की आधिकारिक जानकारी है। आवेदन मिलने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

