नवगछिया : थाना क्षेत्र के अंभो गांव में किसी बड़े मामले को लेकर बुधवार को छापामारी करने गई खरीक पुलिस और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक शुरू हो गया। इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इस घटना में खरीक थानेदार हरिशंकर प्रसाद कश्यप समेत 11 पुलिसकर्मी घायल हो गए। ग्रामीणों का उग्र रूप देख पुलिस किसी तरह वहां से जान बचाकर भागी।
घायलों में थानाध्यक्ष हरि शंकर प्रसाद कश्यप, सुभाषचंद्र ठाकुर, राम मंडल, सहिन्द्र यादव, शंभु मंडल, हरदेव प्रसाद यादव, सतीशचंद्र यादव, शिव राणा, बालदेव कुमार, पुरण पोद्दार और मुकेश कुमार मंडल शामिल हैं। घटना में घायल पुलिसकर्मियों का इलाज खरीक पीएचसी में कराया गया। हालांकि इस घटना में अपनी प्रतिष्ठा के मद्देनजर थानेदार सहित अन्य पुलिसकर्मी कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं।


लिहाजा पुलिस किस मामले में छापामारी करने गई थी, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। वहीं एसपी निधि रानी ने घटना पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम अंभो में छापामारी करने गई थी। जिस दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने इस तरह की ओछी हरकत की है। उन्होंने बताया कि इसे लेकर खरीक थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जल्द ही आरोपियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

