नवगछिया  । नवगछिया में शुक्रवार सुबह पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई, जब बाजार क्षेत्र में एक दारोगा और पीटीसी सिपाही के बीच हुआ आपसी विवाद हिंसक हो गया। विवाद के दौरान दारोगा ने सिपाही पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल सिपाही की पहचान विशाल कुमार के रूप में हुई है, जो आरा का रहने वाला है और ढोलबज्जा थाना में पदस्थापित था। हाल ही में उसकी ड्यूटी पुलिस लाइन में लगाई गई थी। वहीं आरोपी दारोगा जयराम मांझी बताया जा रहा है, जो छपरा जिले के ईशुपुर दिखवारा का निवासी है।

सूत्रों के अनुसार अस्पताल में जांच के दौरान आरोपी दारोगा के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। घायल सिपाही विशाल कुमार ने बताया कि सुबह बाजार में दोनों के बीच हल्का-फुल्का मजाक चल रहा था, तभी अचानक दारोगा ने चाकू निकालकर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।

घटना के तुरंत बाद घायल सिपाही को अनुमंडल अस्पताल नवगछिया लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। मायागंज ले जाते समय विक्रमशिला सेतु पर जाम में एंबुलेंस फंस गई, जिससे घायल सिपाही लंबे समय तक दर्द से तड़पता रहा। बाद में टीओपी प्रभारी द्वारा वन-वे ट्रैफिक चालू कराकर एंबुलेंस को आगे बढ़ाया गया।

पुलिस लाइन के सर्जेंट मेजर संदीप कुमार भी अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी लेकर वरीय अधिकारियों को अवगत कराया।

एसडीपीओ ओमप्रकाश ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए गए हैं। घायल सिपाही का फर्द बयान लेने के लिए दारोगा अजीत कुमार को भेजा गया है और जांच की जिम्मेदारी नवगछिया नगर थानाध्यक्ष को सौंपी गई है।

प्रभारी थाना अध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि जख्मों के कारण घायल सिपाही फिलहाल बोलने की स्थिति में नहीं है, लेकिन जैसे ही बयान संभव होगा, आरोपी दारोगा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेने की बात कही है, जबकि पूरे घटनाक्रम की गहन जांच जारी है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *