खरीक : थानान्तर्गत बगड़ी के समीप लगदाहा एनएच-31 पर गुरुवार की देर रात करीब साढ़े बारह बजे सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गयी, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर खगड़िया से सैदपुर, नवगछिया बारात में शामिल होने के लिए आ रहे थे। इस बीच वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी।

घटना की जानकारी मिलते ही खरीक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को खरीक पीएचसी भेजा। दुर्घटना के शिकार तीनों युवक चांदपुर गोगरी, जिला खगड़िया के रहने वाले थे। 26 वर्षीय बिट्टू कुमार (पिता श्रवण सिंह) की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी, जबकि 25 वर्षीय रोशन कुमार (पिता लखींदर मंडल) की मौत अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में हो गई। 22 वर्षीय अंदू कुमार (पिता स्व. शशिभूषण कुमार) गंभीर रूप से घायल हो गया।

उसे खरीक पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद जेएलएनएमसीएच भागलपुर रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। खरीक थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने प्रशासन से दोषी वाहन चालक की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....