नवगछिया सहित अन्य स्टेशनों में अब यात्रियों को ग्रुप रिजर्वेशन मिलेगा. मंडल रेल प्रबंधक विवेक भूषण सूद के मार्गदर्शन व सीनियर डीसीएम रौशन कुमार के नेतृत्व में सोनपुर मंडल अपने यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए नित्य नये-नये पहल कर रहा है. सोनपुर मंडल ने यात्रियों के लिए ग्रुप रिजर्वेशन की नयी व्यवस्था बनायी है. इस व्यवस्था के तहत अब यात्रियों को सोनपुर मंडल कार्यालय ग्रुप रिजर्वेशन के लिए नहीं आना पड़ेगा. आप ग्रुप रिजर्वेशन सोनपुर मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर सीधे सीआरएस यानी चीफ रिजर्वेशन सुपरवाइजर कार्यालय से ही बनवा सकेंगे.
किन- किन स्टेशनों पर है यह सुविधा
सोनपुर मंडल के सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर व कटिहार बरौनी रेलखंड के बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी व नवगछिया रेलवे स्टेशनों पर यह सुविधा प्रदान की गयी है.
रेलवे में ग्रुप रिजर्वेशन है क्या
आप अगर किसी शादी-विवाह, पिकनिक और टूर आदि पर जाने के लिए एक साथ कई लोगों का ट्रेन रिजर्वेशन कराना चाहते हैं, तो यह ग्रुप रिजर्वेशन के माध्यम से करा सकते हैं.

ग्रुप रिजर्वेशन कैसे करें
ग्रुप रिजर्वेशन लिए पहले आपको मंडल कार्यालय आना पड़ता था, लेकिन अब आप को उपरोक्त किसी स्टेशन पर जाकर वहां के सीआरएस के यहां एक एप्लीकेशन देना होगा, जिसमें आप आधार कार्ड, अपनी यात्रा के विवरण और उद्देश्य दर्शायेंगे. ग्रुप रिजर्वेशन के दौरान यात्रा तिथि को ट्रेन में कुल खाली सीटों में केवल 25 फीसदी सीट ही बुक कर सकेंगे. ग्रुप रिजर्वेशन सिस्टम की यह नयी व्यवस्था शुरू करने वाला पूर्व मध्य रेलवे का सोनपुर मंडल पहला मंडल है. सोनपुर मंडल ने यह व्यवस्था ट्रायल के रूप में शुरू किया है. यात्रियों के पॉजिटिव रिस्पॉन्स आने पर इसे नियमित कर दिया जायेगा. फिलहाल अभी सोनपुर मंडल में पुरानी व नयी दोनों व्यवस्था उपलब्ध है. यात्री अपनी सुविधा अनुसार ग्रुप रिजर्वेशन करा सकते हैं.

