नवगछिया : अनुमंडल क्षेत्र में रविवार को आवारा कुत्तों के आतंक से हड़कंप मच गया। अलग-अलग इलाकों में कुत्तों ने 40 लोगों को काटकर घायल कर दिया। घायलों को परिजनों द्वारा इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने सभी को एंटी-रेबीज इंजेक्शन दिया।
Total Downloads: 166
स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह से ही आवारा कुत्तों का झुंड विभिन्न मोहल्लों में घूमता रहा और राह चलते लोगों पर अचानक हमला करता रहा। कुत्तों के हमले से बचने के लिए कई लोग जान बचाकर घरों और दुकानों में घुस गए।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। अभिभावकों ने बच्चों को स्कूल, ट्यूशन और खेलने के लिए बाहर निकलने से रोक दिया है। वहीं बुजुर्ग और राहगीर भी सड़कों पर निकलने से कतरा रहे हैं।

लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत के बावजूद नगर प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। घटना के बाद लोगों और सामाजिक संगठनों में आक्रोश है। उन्होंने नगर परिषद और पशुपालन विभाग से मांग की है कि जल्द अभियान चलाकर आवारा कुत्तों का टीकाकरण और नियंत्रण किया जाए।
एक ही दिन में 40 लोगों के कुत्तों द्वारा काटे जाने की घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
