नवगछिया नगर परिषद क्षेत्र में लाखों रुपये की लागत से लगाए गए वॉटर ATM के बंद पड़े रहने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। भीषण गर्मी के बीच आम लोगों को शुद्ध पेयजल नहीं मिलने से नाराजगी बढ़ती जा रही है।
Total Downloads: 425
इस मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के नवगछिया जिला अध्यक्ष कुणाल कुमार गुप्ता ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार से मुलाकात कर तत्काल समाधान की मांग की।
कुणाल कुमार गुप्ता ने कहा कि भीषण गर्मी में राहगीरों, आम नागरिकों और जरूरतमंद लोगों को ठंडा एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना नगर परिषद की प्राथमिक जिम्मेदारी है। लेकिन अधिकांश वॉटर ATM लंबे समय से बंद पड़े हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

उन्होंने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए सभी खराब और बंद वॉटर ATM को जल्द से जल्द चालू कराया जाए, ताकि लोगों को गर्मी से राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों ने भी नगर परिषद की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि सरकार द्वारा लाखों रुपये खर्च कर लगाई गई सुविधाएं यदि समय पर चालू न रहें तो उसका कोई लाभ आम जनता को नहीं मिल पाता।
अब लोगों की नजर नगर परिषद प्रशासन पर टिकी है कि इस जनसमस्या को लेकर कितनी तेजी से कार्रवाई की जाती है और बंद पड़े वॉटर ATM कब तक दोबारा चालू हो पाते हैं।
