काम खत्म कर हाथ-पैर धोने के दौरान हुआ हादसा, अस्पताल में डॉक्टर ने किया मृत घोषित
Total Downloads: 372
नवगछिया के एनएच-31 स्थित एक मोटरसाइकिल शोरूम में कार्यरत बाइक मैकेनिक की बिजली करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान खरीक थाना क्षेत्र के ध्रुवगंज निवासी मो. इजहार (पिता- मो. इजराइल) के रूप में हुई है। घटना के बाद शोरूम और आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि मो. इजहार रोज की तरह शोरूम में काम कर रहे थे। संध्या समय काम खत्म करने के बाद घर जाने से पहले वह हाथ-पैर धो रहे थे। इसी दौरान अचानक वह बिजली की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।

घटना के बाद शोरूम कर्मियों और स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उन्हें नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
