नवगछिया के बिहपुर थाना क्षेत्र में देर रात एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर सो रहे एक बुजुर्ग को गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान लत्तीपुर दक्षिणी पंचायत, वार्ड संख्या-1 निवासी 57 वर्षीय प्रकाश मंडल के रूप में हुई है। वे मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।

बताया जा रहा है कि घटना के समय घर के सभी सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान अपराधी घर में घुस आए और प्रकाश मंडल के सीने में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर उनका बेटा मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद बिहपुर थाना अध्यक्ष संतोष शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। हालांकि प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि घटना के पीछे पड़ोस के कुछ लोगों की साजिश हो सकती है, लेकिन परिजनों की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है। थाना अध्यक्ष संतोष शर्मा ने बताया कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....