खरीक थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय किसान की मौत हो गई। घटना एनएच-31 पर अंभो चौक के पास बुधवार रात की बताई जा रही है, जहां किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान तुलसीपुर निवासी सिपू यादव (55) के रूप में हुई है, जो छोटेलाल यादव के पुत्र थे। जानकारी के अनुसार, सिपू यादव बुधवार देर शाम दियारा क्षेत्र से पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अंभो चौक के पास किसी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में सिपू यादव को खरीक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके बाद बरारी थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर गुरुवार को परिजनों को सौंप दिया। दोपहर में शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
ग्रामीण ब्रजेश कुमार के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब सिपू यादव पैदल घर लौट रहे थे। इधर, परिजनों ने प्रशासन से उचित मुआवजा देने और दोषी वाहन चालक की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

