दशहरा मनाने बेंगलुरु से गांव आया था नवविवाहित युवक, सुबह बिस्तर पर मिला मृत

नारायणपुर (भागलपुर)। नारायणपुर प्रखंड के चौहद्दी नारायणपुर गांव में मंगलवार को एक नवविवाहित युवक की अचानक मौत हो गई। दशहरा मनाने के लिए बेंगलुरु से अपने गांव आए युवक की मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

मृतक की पहचान चौहद्दी नारायणपुर गांव निवासी प्रेमलाल साह के 27 वर्षीय पुत्र रमेश कुमार साह के रूप में हुई है। रमेश बेंगलुरु में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी करीब पांच-छह महीने पहले ही हुई थी। त्योहार मनाने के लिए वह अपने घर आया हुआ था।

रात में मेला देखकर लौटा था घर

परिजनों के अनुसार, सोमवार को रमेश उपवास पर था। रात में वह मेला देखने गया था। मेला देखकर घर लौटने के बाद वह सोने चला गया। मंगलवार की सुबह जब परिजन उसे जगाने पहुंचे, तो वह नहीं उठा। काफी कोशिश के बाद भी उसके शरीर में कोई हलचल नहीं होने पर परिवार के लोग घबरा गए।

इसके बाद परिजन आनन-फानन में रमेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर लेकर पहुंचे। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. महमूद आलम ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक की मौत हो चुकी थी।

पांच-छह महीने पहले हुई थी शादी

रमेश की शादी कुछ महीने पहले ही हुई थी। ऐसे में उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दशहरा के अवसर पर घर लौटे युवक की मौत की खबर से परिजनों और ग्रामीणों में शोक व्याप्त है।

फिलहाल रमेश की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। युवक की अचानक मौत से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं हुई है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *