नवगछिया : नवगछिया बाजार की राजेंद्र कॉलोनी में  बुधवार को होली पर अश्लील गीत बजाने को लेकर हुए विवाद में  जमकर गोलीबारी हुई। इस दौरान छत से घटना का वीडियो बना रहे एक बीएड के छात्र की गोली लगने से मौत हो गयी।

मृतक की पहचान राजेंद्र कॉलोनी निवासी प्रदीप पंडित का पुत्र आशीष राज के रूप में हुई है। गोली लगते ही आशीष को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल लाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच रेफर किया गया, जहां इलाज के क्रम में आशीष की मौत हो  गयी। इस संबंध में एक वीडियो भी वायरल हुआ है जिसमें मारपीट और गोली चलाने वालों का चेहरा नजर आ रहा है। बताया जाता है कि आशीष छत पर खड़ा होकर मारपीट की घटना को देख रहा था। इसी दौरान एक पक्ष से हवाई फायरिंग की गयी और गोली आशीष के सीने में जा लगी। इसके बाद छत पर ही आशीष गिर गया। घटना के बाद एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में कालोनी में छापेमारी की। इस दौरान लोगों नेहंगामा भी किया।

एसपी ने प्रेस वार्ता कर कहा, हर दोषी को जेल भेज जायेगा :

एसपी सुशांत कुमार सरोज ने  गुरुवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि होली के दिन ढाई-तीन बजे राजेंद्र कॉलोनी में दोनों पक्ष आपस में लड़ने लगे। लड़ाई के बाद गोली चली। गोली छत से वीडियो बना रहे आशीष राज (22 ) को लग गई। इस संबंध में मृतक के भाई सचिन राज  के आवेदन पर डब्ल्यू यादव, पार्षद मनीष सिंह सहित छह नामजद और अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई।

शव लेकर किया एनएच-31 जाम, पुलिस के खिलाफ लगाए नारे :

वहीं भागलपुर से पोस्टमार्टम कर शव आने के बाद आक्रोशित लोगों ने शव के साथ एनएच-31 को जाम कर दिया और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। सड़क जाम कर रहे लोगों ने पुलिस के खिलाफ भी नारेबाजी की और आरोपी को बचाने का आरोप लगाया। एसडीपीओ दिलीप कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और कहा कि मामले में जिसकी भी संलिप्तता होगी, किसी को नहीं छोड़ा जाएगा। एसडीपीओ के समझाने के बाद आधे घंटे के बाद लोगों ने जाम हटाया।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *