नवगछिया में 546 ग्राम स्मैक के साथ दो गिरफ्तार, पुलिस के अनुसार मालदा से लाई गई थी 70 लाख की खेप

नवगछिया। नवगछिया पुलिस जिला में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नवगछिया थाना पुलिस ने तेतरी गांव में छापेमारी कर 546 ग्राम अवैध स्मैक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जब्त स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक रॉयल एनफील्ड बुलेट बाइक और दो एंड्रायड मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, बरामद नशीले पदार्थ की खेप पश्चिम बंगाल के मालदा से बिहार लाई गई थी। मामले में पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

जीरोमाइल के पास मिली गुप्त सूचना

पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर की रात नवगछिया थाना की पुअनि अनुराधा कुमारी पुलिस बल के साथ गश्ती पर थीं। देर रात करीब 12:10 बजे जीरोमाइल के समीप पुलिस को सूचना मिली कि तेतरी गांव के एक किराये के मकान में स्मैक की खरीद-बिक्री की जा रही है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम तेतरी गांव पहुंची। इसी दौरान बुलेट बाइक से आ रहे दो संदिग्ध युवकों को पुलिस ने घेरकर पकड़ लिया।

पांच पैकेट में मिली 546 ग्राम स्मैक

पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान पकड़ा गांव निवासी हरेराम कुमार उर्फ बमबम (21) के पास से दो पैकेट में 220 ग्राम और तेतरी निवासी विशाल कुमार (21) के पास से तीन पैकेट में 326 ग्राम भूरे रंग का नशीला पदार्थ बरामद हुआ।

पुलिस ने ड्रग डिटेक्टिव किट (DD Kit) से जांच की, जिसमें पदार्थ स्मैक पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद कुल 546 ग्राम स्मैक को पांच पैकेट में सीलबंद कर जब्त किया गया। मौके से रॉयल एनफील्ड बुलेट और दो एंड्रायड मोबाइल भी बरामद किए गए।

विकास और छोटू के नाम सामने आने का पुलिस का दावा

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे विकास कुमार और छोटू कुमार के कहने पर पश्चिम बंगाल के मालदा गए थे और वहां से स्मैक की खेप लेकर लौटे थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मालदा में मुख्य सप्लायर के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। अब पुलिस जब्त मोबाइल फोन की जांच और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के आधार पर नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई

मामले में गिरफ्तार हरेराम कुमार और विशाल कुमार के खिलाफ NDPS एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में विकास कुमार, छोटू कुमार और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और जांच के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *