बिहपुर थाना क्षेत्र के गौरीपुर गांव में सोमवार की देर शाम संदिग्ध परिस्थिति में एक युवक की मौत हो गई। घटना सोमवार शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान खरीक थाना क्षेत्र के सिंहकुंड निवासी पंकज राय (40) के रूप में हुई है। वह पिछले करीब 10 वर्षों से अपनी ससुराल गौरीपुर में रहकर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। मृतक की पत्नी रुनझुन देवी ने पुलिस को बताया कि सोमवार शाम करीब 4 बजे उनके पति घर से बाहर निकले थे। इसके बाद देर शाम दो अज्ञात व्यक्ति उन्हें अचेत अवस्था में घर लेकर आए और कमरे में बिछावन पर सुलाकर बिना कुछ बताए वहां से चले गए। उस समय परिजनों को उनकी हालत गंभीर होने का अंदाजा नहीं हो सका।

परिजन जब उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी पंकज राय ने दम तोड़ दिया। मंगलवार सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

बिहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि फिलहाल इस मामले में यूडी केस दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *