मां विषहरी के प्रतिमाओं के विसर्जन शोभायात्रा में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। रविवार को भक्तों ने मां को नम आंखों से विदाई दी और मां भी उन्हें आशीष देते हुए विदा हुईं। रविवार सुबह से शाम तक मुसहरी घाट पर शहर की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। सुबह 9:00 बजे स्टेशन चौक पर मां की प्रतिमाओं के अाने का सिलसिला शुरू हुआ। मुसहरी घाट पर रात 12:45 तक 26 प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ। परबत्ती की प्रतिमा सुबह 7 बजे मंदिर से उठाई गईं और 9 :25 बजे स्टेशन चौक पर पहुंची। यहां नगर निगम की ओर से पंडाल का निर्माण किया गया था।
Total Downloads: 83
पंडाल में केन्द्रीय पूजा समित के पदाधिकारी, जिला प्रशासन व पुलिस मौजूद थे। परबत्ती की प्रतिमा की आरती भी नहीं हो सकी। प्रतिमा लेकर सुबह 9:30 बजे निकल गए। बताया जाता है कि डीजे बजाने पर रोक लगाने के कारण वे लोग जल्दी से प्रतिमा को लेकर चलते बने और सुबह 11:15 बजे मुसहरी घाट पर विसर्जन कर दिया। जबकि पिछले साल परबत्ती की प्रतिमा का विसर्जन 9 घंटे 18 मिनट बाद हुआ था। शाम 4:30 बजे जरलाही की प्रतिमा स्टेशन पहुंची। स्टेशन से 35 प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा में शरीक हुए। शोभायात्रा में भक्तों का जोश व उमंग देखते ही बन रहा था। डीजे की धुन पर बड़ रे जतन से मूर्ति बनाउली, मूर्ति बनाई हम तोहरा बुलौली, कैसे मूर्ति उठायब रे…हमनी के छोड़ी के नगरिया हो कहवां जइबो हे माई..आदि गीत बज रहे थे।

डीजे बजाने पर रोक पर जताई नाराजगी
केन्द्रीय विषहरी पूजा समिति के अध्यक्ष भोला मंडल ने बताया कि जिला शांति समिति की बैठक में डीएम ने माैखिक कहा था कि विसर्जन के दौरान डीजे नहीं बजेगा। इस पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगी। जिस पर केन्द्रीय पूजा समिति ने विरोध किया और मानक के अनुरूप डीजे बजाने का आग्रह किया गया था। 16 अगस्त को प्रमंडलीय आयुक्त से मिलकर डीजे बजाने की अनुमति के लिए गुहार लगाई गई थी। जिस पर प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया।
जगह-जगह पर युवाओं ने दिखाए शस्त्रों के करतब
स्टेशन चौक समेत जगह-जगह पूजा समिति के कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने लाठी, तलवारबाजी के करतब दिखाए। विषहरी स्थान इशाकचक मिरजानहाट रोड के कार्यकर्ताओं ने स्टेशन पर करतब दिखा। इसके अलावा अन्य कई जगहाें के कार्यकर्ताओं ने लाठी भांज कर दर्शकों से वाहवाही लूटी।
नाथनगर में देर रात तक हुआ विसर्जन
नाथनगर में दूसरे दिन भी दर्जनर्भर प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ। चंपा नदी में रात 11 बजे तक प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ। सबसे पहले शाहगंज की प्रतिमा विसर्जित की गयी। टमटम चौक से रात्रि 8 बजे सभी जगहों की प्रतिमाएं विसर्जन के लिए कतारबद्ध होकर चंपा नदी की ओर जाने लगी। स्टेशन चौक, मथुरापुर, मनसकामनानाथ चौक, गोलदारपट्टी, पासीटोला की विषहरी प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
डीजे नहीं बजाने पर नाराज परबत्ती के श्रद्धालुओं को समझाते सिटी डीएसपी।
मुसहरी विसर्जन घाट पर तैनात थे अधिकारी
मुसहरी विसर्जन घाट पर नगर निगम की ओर से बैरिकेडिंग किया गया था। साथ ही धूप व बारिश से बचने के लिए टेंट लगाए गए थे। जिसमें श्रद्धालुओं के लिए पानी की व्यवस्था की गई थी। लाइट की व्यवस्था में गोजेन्द्र घोष लगे हुए थे। घाट पर बरारी थाना के थानाध्यक्ष रोहित सिंह, सअनि शैलेन्द्र कुमार सिंह, नगर निगम की ओर से महेश साह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

