सूबे में शराबबंदी लागू होने के बावजूद शराब तस्करों द्वारा तस्करी के नए-नए हत्थकंडे अपनाए जा रहे हैं. ताजा मामला नगर थानाक्षेत्र के भीतभैरवा गांव का है. यहां से उत्पाद विभाग की टीम ने छापामारी के दौरान ऐसे जगह से विदेशी शराब को बरामद किया है, जिसे देख सभी के होश उड़ गए हैं.
Total Downloads: 83
मामले में उत्पाद एसआई दीपक सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि नगर थाना के जादोपुर, भीतभैरवा और कररिया गांव में शराब की बड़ी खेप आने वाली है. जिसके आधार पर टीम ने इन गांवों की रातभर तलाशी लेनी शुरू की. तलाशी के दौरान भीतभैरवा गांव के बाहर कब्रिस्तान में शराब के कार्टन बिखरे हुए थे.

उत्पाद सहायक निरीक्षक के मुताबिक, जब कार्टन की जांच की गयी तो उसमें विदेशी शराब भरी हुई थी. इसी आधार पर जब पूरे कब्रिस्तान की तलाशी शुरू की गयी. जहां से 125 कार्टन शराब बरामद किया गया. जिसमें कुल 6000 बोतलें रखी हुई थी. जिसकी कीमत करीब 7 से 8 लाख रूपये बताई जा रही है.
इन कार्टन को झाड़ियों और जमीन में दफना करके रखा गया था. जिसे टीम ने जब्त कर लिया है. अब विभाग इस बात की जांच कर रही है कि बरामद शराब किस तस्कर के द्वारा यहां रखा गया था. बहरहाल, मामले में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है.

