भागलपुर एसडीजेएम कोर्ट में चल रहे दहेज प्रताड़ना का मुकदमा नहीं उठाने पर देवर सिकंदर मंडल ने भाभी काजल कुमारी को थप्पड़ मार दिया। कोर्ट परिसर में खड़े लोगों ने सिकंदर को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने लगे। वहां मौजूद महिलाओं ने भी चप्पल से उसकी पिटाई की। आरोपी देवर भीड़ के हाथों से बचकर भाग निकला।

भागने के क्रम में उसने अपनी बाइक कचहरी परिसर में ही छोड़ दी। महिला काजल ने घटना की लिखित सूचना आदमपुर थाने को दी। लोदीपुर थान क्षेत्र के सरधो गांव के कपिलदेव मंडल की बेटी काजल कुमारी ने पिछले साल दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए सीजेएम कोर्ट में नालसी मुकदमा दर्ज कराया था। एसडीजेएम कोर्ट में मामले की सुनवाई चल रही है।

आरोप के अनुसार जुलाई 2016 में काजल की शादी हबीबपुर थाने के सतघरा गांव के संतोष मंडल के साथ हुई है। शादी के कुछ महीने बाद ही ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। दहेज नहीं देने पर 2017 में ही संतोष ने गोराडीह थाने के विरनौध गांव के बांगी मंडल की बेटी के साथ दूसरी शादी कर ली। काजल ससुराल में ही रह रही थी। बाद में मायके आ गई।

काजल के अधिवक्ता अभय कुमार झा ने बताया कि कोर्ट ने पति-पत्नी में सुलह के लिए काउंसिलिंग कराने का आदेश दिया था। आरोपी संतोष को नोटिस देकर एडीआर भवन स्थित सुलह केन्द्र बुलाया गया था, लेकिन वह नहीं आया। दोपहर करीब दो बजे एडीआर भवन से बाहर निकलने पर काजल के देवर और ननदोई धर्मेन्द्र मंडल मिले। दोनों केस उठाने की धमकी देने लगे। काजल ने केस नहीं उठाने की बात कही। इसी पर सिकंदर मंडल ने थप्पड़ मार दिया।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *