गुटखा खाने के लिए चालक के स्टेयरिंग छोड़ते ही बांका से भागलपुर आ रही बलराम श्री यात्री बस सोमवार को पलट गयी। हादसा हबीबपुर थाना क्षेत्र के दाऊद वाट सड़क पर हुआ। चालक की लापरवाही से दर्जनभर यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से एक बच्चे समेत पांच महिलाओं को इलाज के लिए जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामूली रूप से घायल छह लोगों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घायलों ने बताया कि खेसर से अमरपुर के रास्ते बस दिन के करीब 11 बजे भागलपुर आ रही थी। चालक तेज रफ्तार से बस चला रहा था। यात्रियों ने चालक को धीरे चलाने के लिए भी कहा था। सामने से जा रही एंबुलेंस को ओवरटेक किया जा रहा था। उसवक्त चालक स्टेयरिंग छोड़कर गुटखा खा रहे थे। अचानक ब्रेक लेने पर बस का संतुलन बिगड़ गया और बस सड़क पर पलटी खाकर गिर गई। संयोग था कि उसवक्त सड़क से राहगीर नहीं गुजर नहीं रहे थे। अन्यथा बड़ी घटना घट सकती थी। बस दुर्घटना के बाद आधे घंटे तक सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई थी। इससे जाम लग गया था।

लोगों ने यात्रियों को बस से निकाला
दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े और बस से यात्रियों को निकाला। टेम्पो से यात्रियों को खाली कराकर घायलों को अस्पताल भेजा गया। घटना से बस सवार यात्री डरे हुए थे। मौके पर पहुंची हबीबपुर थाने की पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से गंभीर रुप से घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल और मामूली रुप से घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों में एक की हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है। चालक व खलासी फरार है।

अस्पताल में भर्ती घायलों की सूची
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बांका जिले के अमरपुर थाने के सुराहा शाहपुर गांव की मंगली देवी, अमरपुर सतघरा गांव की पांचों देवी, तेलिया गांव की दुर्गा देवी, कजरैली थाने के गोराचक्की गांव के पुसो यादव और सतघरा के प्यूष कुमार शामिल है। वहीं सदर अस्पताल में लोदीपुर थाने के विशनपुर जिछो गांव के रंजन कुमार, कजरैली कुमरथ के शैलेन्द्र कुमार, अमरपुर शाहपुर के शिवाय महतो और शंभूगंज के रामधर सिंह शामिल हैं। कई जख्मी घटना के बाद घर चले गए।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *