भागलपुर : दोपहर 2 बजे के बाद शहर की सड़कों पर जाम मिल सकता है। लेकिन ट्रैफिक पुलिस व प्रशासन ने पूरे इंतजाम करने की बात कही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव सहित इंडिया गठबंधन का रोड शो शहर से गुजरेगा। रोड शो चंपानगर के मेदिनी चौक से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्ग होते हुए जीरो माइल चौक पहुंचेगा।
Total Downloads: 160
ट्रैफिक डीएसपी आशीष कुमार सिंह ने बताया कि चंपानगर से नाथनगर चौक, टीएनबी कालेज रोड, परबत्ती चौक, तातारपुर चौक, स्टेशन चौक व लोहिया पुल से होते हुए पटल बाबू रोड, शहीद भगत सिंह चौक, घंटाघर चौक, कचहरी चौक, पुलिस लाइन, तिलकामांझी चौक होते हुए रोड शो जीरो माइल पहुंचेगा। इस रूट पर ट्रैफिक का परिचालन रोड शो के दौरान नहीं होगा। मुख्य मार्ग को जोड़ने वाली लिंग रोड व गलियों पर ड्रॉप गेट की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने बताया कि आपातकालीन वाहनों की मनाही नहीं रहेगी। हालांकि ये देखा जाएगा कि भीड़ और जाम के कारण अव्यवस्था नहीं हो। जरूरत के मुताबिक शहर में डायवर्जन भी लागू किया जाएगा। इसी के साथ शहरी क्षेत्र में शुक्रवार को किसी भी तरह के बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी।
उन्होंने बताया कि शाहकुंड की ओर से आने वाले भारी वाहन को अकबरनगर मार्ग में रेलवे फाटक से पहले रोक दिया जाएगा। जगदीशपुर की ओर से शहर में या बाईपास पर आने वाले वाहनों को जगदीशपुर थाना से पहले और अमरपुर रास्ते में बाईपास से पहले जबकि कहलगांव की ओर से आने वाले वाहन जीरोमाइल से पहले और नवगछिया से शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों को सड़क किनारे रोका जाएगा। चंपानगर के वाहनों को दोगच्छी के रास्ते बाईपास होते हुए जीरोमाइल डायवर्ट किया जाएगा। गुड़हट्टा चौक की तरफ से कोई भी वाहन उल्टा पुल की तरफ नहीं आएगा।

