भागलपुर : झारखंड से शराब तस्कर को पुलिस बनकर ईशीपुर-बाराहाट में लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के पास से पुलिस ने हथियार, मोबाइल और बाइक बरामद किया है।
Total Downloads: 198
एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि कहलगांव के अपर पुलिस अधीक्षक दिलनवाज अहमद को सूचना मिली कि ईशीपुर-बाराहाट क्षेत्र में कुछ लड़के देर रात में लूटपाट की घटना को अंजाम दे रहे हैं। ईशीपुर-बाराहाट थानाध्यक्ष जितेंद्र पाल के नेतृत्व में एक टीम बनाकर छापेमारी की गई। पुलिस ने नयानगर महेशपुर निवासी करण कुमार सिंह को लूटपाट करते पिस्तौलनुमा (सिल्वर रंग का लाइटर वाला पिस्तौल) हथियार के साथ रंगेहाथ पकड़ लिया। लेकिन उसका दो साथी भागने में सफल रहा। घटनास्थल से एक मोटरसाइकिल और 18 इंच का एक कट्टा भी बरामद हुआ। बरामद दो पिस्तौल में एक नकली था, लेकिन असली जैसा दिखाई पड़ता था। फायर करने पर आग निकलता था।
करण सिंह ने पुलिस को बताया कि झारखंड से जो लोग शराब लेकर आते थे उनको पुलिस बनकर नकली रिवाल्वर और हथियार दिखाकर शराब लूट लेते थे। यही नहीं छोडऩे के नाम पर उससे पैसे भी वसूली करते थे। शराब के धंधेबाज डर से पुलिस को सूचना भी नहीं देते थे। करण सिंह की निशानदेही पर भागे साथी ईशीपुर-बाराहाट निवासी दीपक यादव और नयानगर बदलूगंज निवासी छोटू कुमार तांती उर्फ बादल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। बदमाशों के पास से हथियार के अलावा एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल बरामद हुआ है। ईशीपुर-बाराहाट थानाध्यक्ष जितेंद्र पाल, दारोगा कृष्ण कुमार राय और सशस्त्र बल छापेमारी में शामिल थे।

लूट और आम्र्स एक्ट का आरोपित गिरफ्तार
लूट और आम्र्स एक्ट के आरोपित कहलगांव पूरबटोला निवासी संजीत तिवारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से पुलिस ने उसके पास से एक लोडेड कट्टा, 765 एमएम का एक कारगर गोली, एक मोबाइल और एक बाइक बरामद किया है।
एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि संजीत के खिलाफ कहलगांव थाना में भी वर्ष 2016 में लूटपाट और आम्र्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। संजीत के बारे में कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि वह क्षेत्र में नए लड़कों को शराब और कोरेक्स सीरप सप्लाई कर रहा है। स्कूल और कॉलेज के लड़कों का भविष्य बर्बाद कर रहा है। सूचना पर जाल बिछाकर संजीत को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि कहलगांव थाना में दर्ज मामले न्यायिक दंडाधिकारी भागलपुर के न्यायालय में वारंट और इस्तेहार लंबित है। संजीत के अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में शिवनारायणपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार और एनटीपीसी मुकेश कुमार छापेमारी में शामिल थे।

