भागलपुर के जोगसर थाना क्षेत्र स्थित बूढ़ानाथ मंदिर में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब शादी के लिए तय दूल्हा अचानक मंडप पर पहुंचकर शादी से मुकर गया। इस घटना के बाद लड़की और लड़के पक्ष के बीच जमकर विवाद हुआ और मामला थाने तक जा पहुंचा।

Whatsapp group Join

इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी कहानी

जानकारी के अनुसार, पिछले साल अगस्त में इंस्टाग्राम के जरिए बाथ थाना क्षेत्र के शिवम कुमार और भीखनपुर की तुलसी कुमारी के बीच बातचीत शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और फिर परिवार की सहमति से शादी तय कर दी गई।

मंदिर में घंटों इंतजार

23 अप्रैल को शादी की पूरी तैयारी के साथ लड़की पक्ष बूढ़ानाथ मंदिर पहुंचा, लेकिन दूल्हा समय पर नहीं आया। फोन करने पर पहले उसने खुद को मंदिर में बताया, फिर बहाने बनाता रहा। करीब साढ़े तीन घंटे की देरी के बाद वह रात लगभग 10:30 बजे एक दोस्त के साथ मंदिर पहुंचा।

मंडप पर पहुंचकर किया इनकार

मंदिर पहुंचने के बाद जब शादी की प्रक्रिया शुरू करने की बात आई, तो दूल्हे ने आधार कार्ड देने से इनकार कर दिया। साथ ही अपने परिवार के किसी सदस्य के मौजूद नहीं होने पर सवाल उठने लगे। इसी दौरान उसने साफ कहा कि वह शादी नहीं करेगा।
उसने कारण बताते हुए कहा कि वह ब्राह्मण समाज से है, जबकि लड़की पासवान समुदाय से है, इसलिए यह शादी संभव नहीं है।

दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप

लड़की पक्ष का आरोप है कि शिवम ने पहले शादी का झांसा देकर संबंध बनाया और फिर 30 हजार रुपए की मांग की। पैसे देने से मना करने पर अब वह शादी से पीछे हट गया।
वहीं दूल्हे का कहना है कि उस पर शादी के लिए दबाव बनाया गया और केस की धमकी दी गई, जिसके कारण वह इस स्थिति में फंस गया।

दुल्हन का दर्द

तुलसी कुमारी का कहना है कि अगर शादी नहीं करनी थी तो सगाई क्यों की गई। उसने आरोप लगाया कि लड़के के परिवार ने शगुन भी लिया था और अब अचानक इनकार कर दिया, जिससे उसकी बदनामी हो रही है।

पुलिस और स्थानीय नेताओं की एंट्री

मामले की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को जोगसर थाना लाया गया। राजद नेत्री सीमा जायसवाल ने भी मामले में हस्तक्षेप करते हुए लड़की पक्ष का समर्थन किया।

फिलहाल, किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। जोगसर थाना प्रभारी मंटू कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच सामाजिक स्तर पर समझौते की कोशिश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....