शहर से हवाई सेवा शुरू करने की दिशा में एक बार फिर पहल तेज होने की उम्मीद जगी है। इस बार स्मार्ट सिटी के तहत इस दिशा में काम होने की संभावना है। इस बार रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम की न्यूनतम अहर्ता को स्मार्ट सिटी कंपनी पूरी करेगी, ताकि उसमें भागलपुर शामिल हो सके। इसके लिए हवाई अड्डा के विकास के साथ लाउंज निर्माण, एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम से लेकर रन-वे का काम स्मार्ट सिटी के तहत होगा।
Total Downloads: 188
स्कीम में शामिल होने से प्राइवेट ऑपरेटरों को 80 फीसदी अनुदान भी मिलेगा। यह निर्णय कमिश्नर राजेश कुमार की अध्यक्षता में स्मार्ट सिटी बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की बैठक में मंगलवार को लिया गया। कहा गया कि स्कीम के तहत अन्य राज्यों में छोटे विमान की सुविधा दी जा रही है। आकलन किया गया है कि सब्सिडी के बाद भागलपुर से पटना तक का किराया 2500 से 3000 रुपए प्रति व्यक्ति होगा। जिस तरह अन्य राज्यों को फायदा मिल रहा है, उसी तरह यहां भी मिलेगा। काम में तेजी लाई जाएगी। स्मार्ट सिटी के फंड से एयरपोर्ट पर फायर ब्रिगेड और अन्य सुविधा मुहैया कराई जाएगी।

बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की बैठक में निर्णय, कमांड एंड कंट्रोल व सैंडिस के डेवलपमेंट को टेंडर की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश
काम की गति धीमी होने के कारण कंपनी सचिव व तकनीकी प्रबंधक का मानदेय कटेगा
इसमें पीडीएमसी के लीगल ओपिनियन पर निर्णय लिया गया। आरटीआई के संबंध में लोक सूचना पदाधिकारी कंपनी सचिव रहेंगे। नगर आयुक्त सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अपीलीय प्राधिकार रहेंगे। लीगल कंसल्टेंट के लिए विज्ञापन प्रकाशित करने का निर्णय लिया गया। स्वतंत्र निदेशक को प्रत्येक बैठक के लिए 25 हजार रुपए मानदेय देने का निर्णय लिया गया। स्मार्ट सिटी के काम की गति धीमी होने पर नाराजगी जाहिर की गई।
बैठक में काम में धीमी गति के लिए कंपनी सचिव के मानदेय से प्रतिमाह 25 फीसदी और प्रबंधक (तकनीकी) पंकज कुमार के मानदेय से प्रतिमाह 30 फीसदी कटौती करने का निर्णय लिया गया। प्रबंधक (आईटी) जसीमउद्दीन मोंडल के कार्यकलाप पर असंतोष जाहिर किया गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि काम में गति लाएं, इस तरह की लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कंपनी में नौ पदों पर हुई बहाली
पीडीएमसी के काम पर जताया असंतोष जुर्माना तय कर वसूली का हुआ निर्णय
बैठक में पीडीएमसी के कार्यों के प्रति असंतोष व्यक्त किया गया। निर्णय लिया गया कि उन पर जुर्माना तय कर वसूली की जाए। कमांड एंड कंट्रोल के बारे में पटना से बात कर टेंडर की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। सैंडिस कंपाउंड के डेवलपमेंट के भी टेंडर की प्रक्रिया जल्द पूरी करने काे कहा गया। बैठक में डीएम प्रणव कुमार, एसएसपी आशीष भारती, नगर आयुक्त श्याम बिहारी मीणा, वित्त विभाग के अपर सचिव पांडे संतोष कृष्ण सहाय, नगर विकास व आवास विभाग के प्रतिनिधि अशोक कुमार, स्वतंत्र निदेशक रूपांजना डे, कंपनी सचिव संदीप सहाय के अलावा डिप्टी टीम लीडर, पीडीएमसी और जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के पदाधिकारी मौजूद थे।

