विक्रमशिला पुल के यातायात टीओपी के पास ट्रक ड्राइवरों से वसूली करते एसएसपी आशीष भारती ने रविवार देर रात पुलिसवालों को रंगे हाथ पकड़ा। इनमें एक जमादार और चार सिपाही हैं। सभी को एसएसपी ने तत्काल सस्पेंड कर दिया। सस्पेंड होने वालों में यातायात टीओपी में तैनात जमादार उमेश यादव, सिपाही अजय कुमार सिंह, राकेश कुमार, संदीप कुमार और संजय यादव शामिल हैं। टीओपी में तैनात सभी पुलिसकर्मियों को वहां से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है। इनमें टीओपी प्रभारी भी शामिल हैं। दारोगा सुनील कुमार को नया प्रभारी बनाया गया है। पूरे मामले की जांच का जिम्मा सिटी डीएसपी राजवंश को सौंपा गया है। निलंबित पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई भी चलाने का निर्देश दिया गया है।
Total Downloads: 115
रोको-टोको अभियान के दौरान एसएसपी गश्त करते हुए सीधे टीओपी पहुंचे तो वहां देखा कि टीओपी के एक जमादार और चार सिपाही आने-जाने वाले ट्रकों से पैसे ले रहे हैं। एसएसपी की गाड़ी देख सभी ने वसूली बंद कर दी, लेकिन तलाशी में सभी के पास पैसे मिले। कुछ ने वसूली के पैसे सड़क पर फेंक दिये थे।

वसूली के खिलाफ महाअभियान
पुलिसवालों द्वारा सड़कों पर अवैध वसूली का खेल नया नहीं है। तीन साल पहले अवैध वसूली के खिलाफ महाअभियान चलाया था। 24 अगस्त, 2015 की रात घंटाघर चौक के पास स्टिंग आपरेशन में टीम ने रंगेहाथ जमादार हमेश्वर सिंह समेत आदमपुर थाने की पूरी पेट्रोलिंग पार्टी को वसूली मामले में पकड़ा था। स्टिंग ऑपरेशन का वीडियो भी तत्कालीन एसएसपी विवेक कुमार को उपलब्ध कराया था।
पूर्व में एक एएसआई और 4 सिपाही हो चुके हैं बर्खास्त
15 जून, 2017 को विक्रमशिला पुल के यातायात टीओपी के पास ट्रकों से वसूली करते कैमरे में कैद हुए एक एएसआई और चार सिपाहियों को नौकरी से बर्खास्त भी किया जा चुका है। जिन्हें बर्खास्त किया गया था, उनमें एएसआई राजा राम सिंह, पीटीसी-119 कुंदन कुमार, पीटीसी-733 रंजीत कुमार, सिपाही-775 ओम प्रकाश साह और सिपाही-1194 मो. रज्जाक शामिल थे।

