नारायणपुर प्रखंड के भवानीपुर थाना क्षेत्र के मोजमाबाद गांव में मंगलवार को दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में दोनों पक्षों से आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नारायणपुर में भर्ती कराया गया है।
Total Downloads: 181
एक पक्ष से स्वर्गीय संजय दास की पत्नी सोनी देवी और दूसरे पक्ष से अमीन दास के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक रूप ले बैठा। मारपीट में सोनी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनका सिर फट गया। उन्होंने बताया कि पड़ोसी अमीन दास, उनकी पत्नी इंदु देवी और अन्य लोगों ने मिलकर उनके परिवार के सभी सदस्यों पर हमला किया।

फूल गिरने से विवाद की शुरुआत
ग्रामीणों ने बताया कि पीड़िता के घर में उसका नाबालिग बेटा और एक बुजुर्ग सास है। परिवार की आर्थिक स्थिति खराब है और मजदूरी कर सोनी देवी ही अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। विवाद की शुरुआत एक फूल गिरने से हुई।

इंदु देवी ने बताया कि उनके घर के छप्पर से फूल टूटकर सोनी देवी के आंगन में गिर गया था, जिसको लेकर विवाद शुरू हुआ। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों में कहासुनी होते-होते हाथापाई हो गई। घटना के बाद जख्मी सोनी देवी ने भवानीपुर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की मांग की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के घायलों का इलाज नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों की स्थिति फिलहाल ठीक है। भवानीपुर थाना प्रभारी महेश ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
