नवगछिया पुलिस केंद्र में 15 नए पुलिस अवर निरीक्षकों की पिपिंग सेरेमनी, एसपी ने कंधों पर लगाए रैंक के स्टार

नवगछिया। नवगछिया पुलिस केंद्र में मंगलवार को 15 नए पुलिस अवर निरीक्षकों के लिए पिपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। समारोह में पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने पदोन्नत सभी पुलिस अधिकारियों के कंधों पर नई रैंक के स्टार लगाए। नई जिम्मेदारी और नई रैंक मिलने के बाद अधिकारियों के चेहरे पर खुशी और गर्व साफ नजर आया।

समारोह को संबोधित करते हुए एसपी वैभव शर्मा ने कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान और नई रैंक मिलने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके साथ अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी बढ़ती हैं। उन्होंने पदोन्नत अधिकारियों से कहा कि ईमानदारी से काम करते रहें और लगातार आगे बढ़ते रहें।

एसपी ने सभी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, अनुशासन और निष्पक्षता के साथ करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि आम लोगों के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह पुलिसिंग भी जरूरी है।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर मामले में कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई करें। आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनकी शिकायतों का नियमानुसार समाधान करने का प्रयास करें, ताकि पुलिस के प्रति जनता का भरोसा और मजबूत हो।

समारोह में मौजूद अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी पदोन्नत पुलिस अवर निरीक्षकों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि सभी पदोन्नत पुलिस पदाधिकारी अपने अनुभव, कार्यक्षमता और कर्तव्य के प्रति समर्पण के साथ नई जिम्मेदारियों का बेहतर तरीके से निर्वहन करेंगे और पुलिस विभाग की प्रतिष्ठा को आगे बढ़ाएंगे।

ये अधिकारी बने पुलिस अवर निरीक्षक

पुलिस अवर निरीक्षक पद पर पदोन्नत होने वाले अधिकारियों में केदार कंवर, विद्यानंद तिवारी, संजय कुमार-1, मनोज कुमार-2, रुदल प्रसाद, संतोष कुमार, शांति कुमारी, रूपनारायण कुमार, भोगेंद्र मेहरा, शिवपूजन ठाकुर, सदन कुमार, हसाबर रहमान, युगल किशोर, राजेश कुमार यादव और परशुराम यादव शामिल हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी नए पदोन्नत पुलिस अवर निरीक्षकों ने ईमानदारी, निष्पक्षता और कानून के अनुरूप कार्य करने का संकल्प लिया।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *