नवगछिया (भागलपुर)। सोनपुर स्थित रेल अधिकारी क्लब में आयोजित सोनपुर मंडल संसदीय समिति की बैठक में नवगछिया क्षेत्र के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं के विस्तार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। बैठक में भागलपुर सांसद के प्रतिनिधि के रूप में गौरव कुमार शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी ने की।

बैठक में कटरिया रेलवे स्टेशन पर इंटरसिटी एक्सप्रेस, हाटे-बाजारे एक्सप्रेस और राजेंद्र नगर टर्मिनल कैपिटल एक्सप्रेस के ठहराव की मांग रखी गई। प्रतिनिधियों ने कहा कि इन ट्रेनों के रुकने से क्षेत्र के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में काफी सुविधा मिलेगी।

वहीं नवगछिया रेलवे स्टेशन पर न्यू जलपाईगुड़ी–आनंद विहार एक्सप्रेस, न्यू जलपाईगुड़ी–उदयपुर सिटी एक्सप्रेस, कामाख्या–गांधीधाम एक्सप्रेस, न्यू जलपाईगुड़ी–अमृतसर कर्मभूमि एक्सप्रेस, अगरतला–फिरोजपुर कैंट त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस तथा कामाख्या–गोमती नगर एक्सप्रेस के ठहराव की मांग उठाई गई। स्थानीय प्रतिनिधियों ने कहा कि इन ट्रेनों के ठहराव से यात्रियों को बड़े शहरों तक सीधी रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।

बैठक में बिहपुर रेलवे स्टेशन पर भी नॉर्थ-ईस्ट सुपरफास्ट एक्सप्रेस, जोगबनी–सीमांचल एक्सप्रेस, गरीब नवाज एक्सप्रेस, अमरनाथ एक्सप्रेस और चंपारण एक्सप्रेस के ठहराव का प्रस्ताव रखा गया। बताया गया कि इन ट्रेनों के रुकने से बिहपुर और आसपास के हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी।

बैठक के दौरान रेलवे अधिकारियों ने विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि कटरिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 एवं 2 के ऊंचीकरण के लिए 82 करोड़ रुपये की लागत से योजना प्रस्तावित है। स्वीकृति मिलने के बाद इस दिशा में कार्य शुरू किया जाएगा।

इसके अलावा कटरिया, थानाबिहपुर, नारायणपुर, पसराहा, गौछारी, खरीक, कुरसेला, बखरी और सेमापुर स्टेशनों पर यात्री शेड निर्माण के लिए 10.13 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत की जा चुकी है, जिस पर आगे की कार्रवाई चल रही है।

रेलवे अधिकारियों ने यह भी बताया कि खरीक रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या 1, 2 और 3 के ऊंचीकरण के लिए 7.48 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत हो चुकी है। वहीं नवगछिया रेलवे स्टेशन पर भी अतिरिक्त यात्री सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि ट्रेनों के ठहराव और विकास योजनाओं के लागू होने से नवगछिया अनुमंडल के लाखों रेल यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र की रेल सुविधाएं और अधिक मजबूत होंगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *