नवगछिया : सीवान और सारण में जहरीली शराब पीने से 37 लोगों की हुई मौत के बाद सियासत गरमाने लगी है। गोपालपुर के जदयू विधायक गोपाल मंडल ने कहा कि थानेदार शराब माफियाओं से मिला हुआ है। इससे उनका मनोबल बढ़ा हुआ है। चौकीदार जानता है कि कहां गलत हो रहा है। थाना प्रभारी को पता रहता है किसके घर में क्या खाना बना है। शराब माफिया को पुलिस पकड़ सकती है। लेकिन मोटी रकम मिलने के कारण नहीं पकड़ती है। गोपाल मंडल जाह्नवी चौक पर गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
Total Downloads: 176
उन्होंने कहा कि दारू पीने वाला तो मरता ही रहेगा क्योंकि वह जहरीला दारू पीता है। शराब पीने से गरीब आदमी ही मरता है, क्योंकि वह महुआ पीता है। हमारे मुसहरी में भी दारू बनता है, लेकिन वहां गुड़ से दारू बनाया जाता है।
विधायक ने कहा कि दारू बनाने में एक्सपायरी टैबलेट दे देता है। उसको अंदाज नहीं कि कितना देना चाहिए, जो पीने के बाद बर्दाश्त नहीं कर पाता है, वह मर जाता है। युवा पीढ़ी को सुधारने के सवाल पर कहा कि माता-पिता को एक कमेटी बननी चाहिए और इस पर निगरानी रखनी चाहिए।

जो युवा नशे में संलिप्त हैं उन्हें पकड़ कर एक कमरे में बंद कर देना चाहिए। उन्होंने पुलिस-प्रशासन को भी सजग रहने को कहा। कार्रवाई के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार कार्रवाई करेगी। हम क्या करेंगे? हमने तो बयान दे दिया। सरकार और बिहार के डीजीपी कार्रवाई करेंगे।
