नवगछिया। परबत्ता थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव में मंगलवार को घरेलू विवाद के दौरान एक 23 वर्षीय महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में शंकरपुर निवासी गुलशन शाह की पत्नी सोनी देवी घायल हो गईं। महिला के सिर में गहरी चोट लगी है और हाथ में भी चोट के निशान बताए गए हैं। सिर में चोट लगने के बाद खून बहने लगा।
Total Downloads: 173
घायल सोनी देवी को उनके पति गुलशन शाह इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज कराया गया।
प्रेम विवाह के बाद ससुराल में विवाद का आरोप
सोनी देवी ने बताया कि उन्होंने गुलशन शाह से प्रेम विवाह किया है। उनका आरोप है कि अलग जाति में विवाह करने के कारण ससुराल के कुछ लोग उन्हें शादी के बाद से ही स्वीकार नहीं करते हैं। महिला के अनुसार, इसी कारण उन्हें आए दिन मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है।

महिला ने आरोप लगाया कि मंगलवार को उनके पति घर से बाहर थे। इसी दौरान उनके ससुर शिव साह और सास संगीता देवी ने लाठी-डंडे से उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुई मारपीट में उन्होंने खुद को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपितों ने मारपीट जारी रखी। इसी दौरान सिर में डंडे की चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
दो छोटे बच्चों की मां है सोनी
सोनी देवी ने बताया कि उनके दो छोटे बच्चे आर्यन कुमार और आदर्श कुमार हैं। उनका कहना है कि ससुराल में लगातार होने वाले विवाद का असर बच्चों पर भी पड़ रहा है।
महिला ने आरोप लगाया कि कई बार सास-ससुर की ओर से पति-पत्नी दोनों के साथ मारपीट की जाती है। उन्होंने कहा कि वह अपने बच्चों के साथ शांतिपूर्ण जीवन जीना चाहती हैं, लेकिन बार-बार होने वाली मारपीट की घटनाओं से परेशान हैं।
पुलिस से कार्रवाई और सुरक्षा की मांग
घटना के बाद पति गुलशन शाह ने घायल पत्नी को अस्पताल पहुंचाया। मामले की जानकारी परबत्ता थाना पुलिस को भी दी गई है। महिला ने पुलिस से घटना की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही अपनी और बच्चों की सुरक्षा की मांग की है।
परबत्ता थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार ने बताया कि महिला की ओर से अभी तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना की जानकारी जुटा रही है।
