नवगछिया : नदी थाना क्षेत्र के लोकमानपुर गांव में कोसी नदी किनारे शौच करने गए एक किसान पर तटबंध का धसना गिर गया। जिसके कारण धसना के अंदर दबने से दम घुट गया और उसकी मौत हो गई। मृतक मूल रूप से नाथनगर थाना क्षेत्र के रसलपुर बैरिया गांव के रहने वाले संदीप महतो (28), पिता लक्ष्मण महतो थे। संदीप बीते पांच वर्षों से लोकमानपुर में रहकर बटाई पर खेत लेकर तरबूज की खेती करता था।
Total Downloads: 72
मृतक के पिता लक्ष्मण महतो ने बताया कि उसका बेटा पांच वर्षों से लोकमानपुर में जमीन बटाई पर लेकर तरबूज की खेती करता था। बुधवार की सुबह 5:00 बजे वह कोसी नदी किनारे शौच करने के लिए गया था। इसी दौरान धसना गिर गया। जिसके कारण उनके सीने में गंभीर चोट लगी और मौके पर ही मौत हो गई। काफी देर बाद एक व्यक्ति शौच के लिए आया तो उसने देखकर हल्ला किया।
उसके बाद ग्रामीणों द्वारा उसे बाहर निकाल कर लाया गया और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा दलबल के साथ घटना स्थल पहुंचे, जहां कागजी प्रक्रिया पूर्ण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेजा। जहां पोस्टमार्टम के पश्चात शव को परिजनों के हवाले कर दिया।

इधर, घटना की सूचना पर मृतक की मां, पत्नी समेत अन्य परिजनों की चित्कार से नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में कोहराम मच गया। मृतक को तीन पुत्र अंशु, प्रिंस, इश्यू और एक पुत्री पवित्रा है। मृतक की मां ने कहा कि सभी बच्चे छोटे-छोटे हैं।
