नवगछिया/खरीक। कदवा थाना क्षेत्र के भवनपुरा घाट के पास कोसी नदी में स्नान के दौरान डूबने से एक पांच वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। मृतका की पहचान चांदनी कुमारी (5) के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय रणजीत सिंह की पुत्री थी। उसका मूल घर गवास बिंद टोली, बेलदौर थाना क्षेत्र, जिला खगड़िया बताया गया है। फिलहाल वह अपने ननिहाल में कदवा थाना क्षेत्र में रह रही थी।
Total Downloads: 266
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, चांदनी के परिवार के सभी सदस्य भवनपुरा घाट के पास तरबूज की खेती देखने गए थे। घर में कोई नहीं होने के कारण बच्ची भी अकेले खेत की ओर चली गई। इसी दौरान वह भवनपुरा घाट के पास कोसी नदी में स्नान करने लगी। दोपहर करीब 2:30 बजे स्नान के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई।
घटना को देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और बच्ची को बचाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद उसे नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर कदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
