नवगछिया : नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी जीरोमाइल में नवगछिया पुलिस जिला में होमगार्ड की रिक्ति नहीं रहने पर आक्रोशित अभ्यर्थियों ने सोमवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया। इस दौरान अभ्यर्थियों ने तीनों ओर जानेवाली सड़क को जाम कर दिया और वहीं बैठ गए। अभ्यर्थी वाहनों और जेसीबी के ऊपर चढ़कर हंगामा करने लगे।
Total Downloads: 192
बिहार होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया 2025 के लिए आवेदन प्रक्रिया 27 मार्च से शुरू हुई है। पुलिस जिला नवगछिया, बगहा और अरवल में सीट नहीं रहने के कारण आवेदन नहीं लिया जा रहा है। इसी के विरोध में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने जीरोमाइल एनएच 31 पर जमकर हंगामा करना शुरू कर दिया। युवकों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। मौके पर पहुंची पुलिस ने अभ्यर्थियों को समझाने की कोशिश की लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे।
![]()

जाम की सूचना पर नवगछिया थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रविशंकर सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। उन्होंने अभ्यर्थियों को समझाया-बुझाया लेकिन अभ्यर्थी नहीं माने और पुलिस से उलझ गए। उनपर ईंट-पत्थर फेंक दिया। इसके बाद पुलिस जवान ने एक अभ्यर्थी को थप्पड़ जड़ दिया। फिर क्या था, अभ्यर्थी और उग्र हो गए और हंगामा करने लगे। इसके बाद हल्का बल प्रयोग कर सभी को सड़क से खदेड़ दिया गया। बाद में एसडीपीओ ओमप्रकाश और एसडीओ ऋतुराज प्रताप सिंह ने अभ्यर्थियों को समझा-बुझाकर शांत किया और जाम छुड़ाया।
इस दौरान अभ्यर्थियों ने एक ज्ञापन एसडीओ को दिया। छात्रों की मांग थी कि ज्ञापन को आगे भेज दिया जाए। एसडीओ ने उन्हें आश्वासन दिया कि आपके ज्ञापन को आगे भेज दिया जाएगा और जो भी दिशा-निर्देश होगा, उसके आलोक में काम होगा। थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह ने कहा कि जाम करनेवाले पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। घटना का वीडियो देखा जा रहा है, उसके बाद कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दो लड़के को हिरासत में लिया है जिससे पूछताछ की जा रही है।
