नवगछिया : कदवा थाना क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और गुपचुप तरीके से शव के दाह संस्कार के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी पति सकलदेव राय को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला 24 जुलाई 2025 को प्रकाश में आया। मृतका के पिता पंकज कुमार मिस्त्री ने कदवा थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी पुत्री की हत्या उसके पति और उसके परिवार वालों ने मिलकर कर दी। हत्या के बाद बिना जानकारी दिए शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।

पुलिस जांच में पता चला कि मृतका ने प्रेम विवाह किया था। इससे पति के परिवार में तनाव बना हुआ था। युवती को ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। कुछ दिन पहले उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद ससुराल वालों ने मृतका के मायके पक्ष को सूचित किए बिना चुपचाप उसका दाह संस्कार कर दिया।

कदवा थाना में कांड संख्या 82/25, दिनांक 24.07.25 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2)/3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सकलदेव राय को गिरफ्तार कर लिया गया। वह बोडवा टोला, थाना कदवा, जिला भागलपुर का निवासी है।

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....