नवगछिया : शनिवार को 48 वर्षीय जावेद अख्तर चोर को पकड़ने के लिए चलती ट्रेन से कूदकर घायल हो गए। रेल थाना अध्यक्ष सुदामा पासवान के अनुसार, जावेद अपनी पत्नी शहनाज परवीन और पुत्र के साथ गाड़ी संख्या 13163 हाटे बजारे एक्सप्रेस से कटिहार से बख्तियारपुर जा रहे थे।

बिहपुर रेलवे स्टेशन से पहले एक चोर ने महिला का पर्स चुराकर चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। उस समय जावेद सो रहे थे। उनके पुत्र ने जब बताया कि चोर पर्स लेकर भाग गया, तो नींद से जागे जावेद ने भी तुरंत ट्रेन से छलांग लगा दी।

इस घटना में जावेद घायल हो गए। सूचना मिलने पर रेल प्रशासन और पुलिस दल मौके पर पहुंचे। घायल जावेद को बिहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। डॉक्टरों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है।

शहनाज परवीन ने बताया कि वे दो दिन पहले कटिहार में अपने रिश्तेदारों से मिलने गए थे और शनिवार को घर लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि चोरी हुए पर्स में कुछ रुपए, मोबाइल फोन और अन्य सामान था।

थाना अध्यक्ष सुदामा पासवान ने कहा कि अज्ञात चोर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज की गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....