पटना में आयोजित बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के 32वें अधिवेशन ‘संकल्प 2025’ में नवगछिया के तीन प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित किया गया। बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी, नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष राकेश कुमार बंसल, कार्यक्रम संयोजक बिनोद तोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव कुमार लोहिया और राष्ट्रीय संगठन मंत्री महेश जालान ने संयुक्त रूप से सांची सर्राफ, संस्कार यादुका और खुशी गर्ग को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए अवार्ड प्रदान किया।
समाजसेवी रामावतार सर्राफ की पौत्री और आनंद प्रकाश-पूनम की पुत्री सांची सर्राफ को हार्वर्ड बिजनेस स्कूल, हार्वर्ड यूनिवर्सिटी, अमेरिका द्वारा प्रतिष्ठित “बेकर स्कॉलर अवार्ड” और “हाई डिस्टिंक्शन अवार्ड” से सम्मानित किया गया है। बिश्वनाथ-सत्यभामा यादुका के पौत्र और पवन-दिव्या यादुका के पुत्र संस्कार यादुका ने हाल ही में आईसीयूएएस-2025 यूएवी प्रतियोगिता में विजेता का अवार्ड जीतकर नवगछिया का नाम रोशन किया है।
भगवती नारनोली की पौत्री और निशा देवी एवं स्व. राजू गर्ग की पुत्री खुशी गर्ग ने चार्टर्ड एकाउंटेंट की सीए फाइनल परीक्षा में देशभर में 15वां स्थान प्राप्त कर बिहार में नवगछिया का नाम रोशन किया है।तीनों बच्चों को बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा सम्मानित किए जाने की खबर से नवगछिया समाज में खुशी की लहर फैल गई। मारवाड़ी सम्मेलन की नवगछिया शाखा के अध्यक्ष दिनेश सर्राफ, मंत्री विनोद केजरीवाल, संयुक्त मंत्री विनय प्रकाश सहित अन्य पदाधिकारियों ने इन प्रतिभाशाली बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की है।

खरीक शाखा के अध्यक्ष प्रवीण जैन, मंत्री प्रदीप लाठ और अन्य सदस्यों ने भी इन युवा प्रतिभाओं की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया है। नवगछिया समाज इन तीनों बच्चों की उपलब्धियों पर गौरवान्वित महसूस कर रहा है।

