नवगछिया : प्रखंड के मध्य विद्यालय गणेशपुर में शिक्षा जगत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां कार्यरत उत्तर प्रदेश लखीमपुर खीरी की शिक्षिका कुमारी निधि ने आरोप लगाया कि 15 अगस्त को झंडोत्तोलन कार्यक्रम के बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय कुमार, उनकी पत्नी व शिक्षिका नूतन भारती और सहायक शिक्षक चंदन कुमार ने उन्हें पीटकर घायल कर दिया। घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय पहुंचे और डायल-112 पुलिस ने घायल शिक्षिका का इलाज खरीक सीएचसी में कराया। कुमारी निधि ने बताया कि विद्यालय परिसर के एक कमरे के गेट की दीवार पर प्रधानाध्यापक की पत्नी और चंदन कुमार के खिलाफ आपत्तिजनक बातें लिखी गई थीं।
Total Downloads: 175
इसको लेकर तीनों ने उन पर जबरन आरोप लगाया कि उन्होंने लिखवाया और पूछा कि किससे लिखवाया। जब उन्होंने इससे इंकार किया, तो तीनों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। नूतन भारती ने उनकी चोटी पकड़कर दीवार से टकरा दी, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी। शिक्षिका ने इस संबंध में थाने में आवेदन दिया है और पुलिस जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। वहीं, प्रधानाध्यापक संजय कुमार ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कुमारी निधि अन्य शिक्षकों के साथ मिलकर उनकी पत्नी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी और दीवार पर आपत्तिजनक बातें लिखती रहती हैं, जिससे उनकी पत्नी मानसिक तनाव में है।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को दीवार पर फिर आपत्तिजनक बातें लिखी गई थीं, जिस पर चर्चा के दौरान कुमारी निधि ने उनकी पत्नी से बकझक की। इसके बाद वे अपनी पत्नी को समझाकर घर चले गए और मारपीट का कोई मामला नहीं हुआ। ग्रामीणों ने इस घटना से गांव की प्रतिष्ठा धूमिल होने की बात कही और शिक्षा विभाग से प्रधानाध्यापक, उनकी पत्नी और चंदन कुमार के निलंबन की मांग की। बीईओ सह बीपीआरओ नागेश्वर प्रसाद ने बताया कि यह घटना शिक्षा जगत को शर्मसार करने वाली है और जल्द ही सभी संबंधित शिक्षकों का स्थानांतरण किया जाएगा।

