नवगछिया : उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हो रही बारिश का असर बिहार में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है. प्रयागराज और वाराणसी में गंगा के जलस्तर में अचानक रिकॉर्ड तोड़ बढ़ोतरी हुई है. जिसके बाद अब यह भागलपुर में भी अपना रूप दिखा रहा है. जानकारी के अनुसा गुरुवार को यहां गंगा के जलस्तर में 20 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई.

जलस्तर में वृद्धि ने बढ़ाई सरकार की चिंता

जिसके बाद जल संसाधन विभाग की तरफ से चेतावनी दी गई है. जिसमें कहा गया है कि अगले पांच दिनों में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर सकता है. दो दिनों पहले ही गंगा का जलस्तर प्रयागराज में ढाई मीटर और वाराणसी में करीब डेढ़ मीटर बढ़ा है. अचानक हुई इस वृद्धि से राज्य सरकार की चिंता बढ़ गई है. जिसके बाद सभी संबंधित जिलों के लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है.

तटबंधों की विशेष निगरानी का आदेश

जानकारी के अनुसार जल संसाधन विभाग ने बक्सर से भागलपुर तक तटबंधों की विशेष निगरानी करने का निर्देश जारी किया है. इलाहाबाद से फरक्का तक गंगा पूरी तरह राइजिंग मोड में है. गोपालपुर प्रखंड के इस्माईलपुर-बिंदटोली तटबंध और सबौर प्रखंड के चांयचक क्षेत्र पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. गंगा के इस बढ़ते दबाव को देखते हुए फरक्का बैराज के कुल 109 गेट में से 107 गेट खोले गए हैं.

खतरे के निशान से ऊपर गंगा का जलस्तर

जानकारी के अनुसार नवगछिया के इस्माईलपुर-बिंद टोली में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 53 सेंटीमीटर ऊपर बह रहा है. बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल कार्यालय नवगछिया के अनुसार, पिछले 24 घंटे में जलस्तर में 16 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है. बुधवार की शाम गंगा नदी का जलस्तर 32.13 मीटर दर्ज किया गया, जिससे कटाव का खतरा फिर से बढ़ता जा रहा है.

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....