नवगछिया : कटिहार-बरौनी रेलखंड पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। नारायणपुर रेलवे स्टेशन से लगभग दो किलोमीटर पहले चलती ट्रेन से गिरने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, युवक ट्रेन के गेट पर बैठकर गुटखा खा रहा था, इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। घायल युवक की पहचान कटिहार जिले के प्राणपुर थाना क्षेत्र के केवाला निवासी मोती जून के रूप में की गई है।
उसके साथ यात्रा कर रहे नाबालिग मजदूर जहांगीर हक ने बताया कि वे चार नाबालिग मजदूर लाभा से आजमगढ़ मजदूरी के लिए जा रहे थे। रास्ते में यह दुर्घटना हो गई।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल मोती जून को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

