भागलपुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब एक महिला चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में फिसल गई। तभी ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ पोस्ट भागलपुर के सहायक उपनिरीक्षक (ASI) संजीव कुमार झा ने अपनी त्वरित सूझबूझ से महिला की जान बचा ली। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Total Downloads: 163
घटना उस समय हुई, जब ASI झा ट्रेन संख्या 13410 डाउन किउल–मालदा इंटरसिटी एक्सप्रेस को सुरक्षित रूप से पास कराने के लिए पोस्ट ऑफिस नंबर 1 के पास राउंड कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक महिला पर पड़ी, जो तेजी पकड़ती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रही थी। अचानक महिला का पैर फिसला और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच गिरने लगी। यह देखते ही ASI झा तुरंत दौड़े और उसे पीछे की ओर खींचकर सुरक्षित बचा लिया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में कुछ क्षण के लिए अफरा-तफरी मच गई। बाद में पूछताछ में महिला की पहचान सोनी देवी, निवासी कालीगंज (कहलगांव), के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि वह जल्दबाजी में ट्रेन पकड़ने की कोशिश कर रही थीं। सोनी देवी और उनके पति मनीष कुमार साह ने ASI संजीव कुमार झा और आरपीएफ विभाग का आभार जताते हुए कहा कि जवान की मुस्तैदी से ही एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

घटना के बाद आरपीएफ अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी परिस्थिति में चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश न करें, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
