भागलपुर में पकड़ौआ विवाह का एक और मामला सामने आया है। शनिवार देर रात प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने रंगेहाथ पकड़ लिया और गांव के पास स्थित शिव मंदिर में दोनों की शादी करा दी। यह घटना कहलगांव के शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ज्योतिपुर गांव की है।
जानकारी के अनुसार, युवती के घर से कुछ दूरी पर एक शिव मंदिर है, जहां नियमित रूप से शिवचर्चा होती है। इसी बहाने युवती घर से बाहर निकलती थी और अपने प्रेमी को मिलने के लिए बुलाती थी। शनिवार रात भी उसने मां से शिवचर्चा में जाने की बात कहकर घर छोड़ा और फोन कर प्रेमी को बुलाया। मंदिर के पास दोनों की मुलाकात और बातचीत के दौरान ग्रामीणों ने उन्हें देख लिया।
इसके बाद ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया और मंदिर के एक कमरे में दोनों को बंद कर दिया। सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। गांव के बुजुर्गों के कहने पर युवक के परिजनों को बुलाया गया। शुरुआत में परिजनों ने शादी से इनकार किया, लेकिन ग्रामीणों के दबाव के बाद वे मान गए।

रात भर मंदिर परिसर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी की रस्में चलीं। ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों का विवाह संपन्न कराया गया। शादी के बाद युवती को ससुराल भेज दिया गया।
इस पूरे मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी गई। जब थानाध्यक्ष से इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि उन्हें अभी तक किसी तरह की जानकारी नहीं मिली है।
वहीं प्रेमी राजीव ने बताया कि दोनों पिछले पांच महीने से एक-दूसरे से प्यार करते थे और अक्सर शिव मंदिर के पास मुलाकात होती थी। युवती का कहना है कि अब वे हमेशा के लिए एक हो गए हैं और कोई उन्हें अलग नहीं कर सकता।

