नवगछिया : नगर परिषद् नवगछिया द्वारा एकल उपयोग प्लास्टिक (सिंगल यूज प्लास्टिक) के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कार्यपालक पदाधिकारी के निर्देश पर बुधवार को नवगछिया मुख्य बाजार, हडिया पट्टी और गौशाला रोड में व्यापक छापेमारी की गई। इस कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया और कई दुकानदारों में अफरातफरी का माहौल देखा गया।

छापेमारी के लिए नगर परिषद् नवगछिया की ओर से दो विशेष धावा दल का गठन किया गया था। इन टीमों का नेतृत्व सहायक स्वच्छता पदाधिकारी और प्रधान सहायक ने किया। दल ने किराना, सब्जी, फल, होटल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की गहन जांच की।

जांच के दौरान कई दुकानों में प्रतिबंधित एकल प्लास्टिक थैलियों और पैकिंग सामग्री का उपयोग पाया गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों से मौके पर ही कुल ₹1500 का जुर्माना वसूला गया। इसके साथ ही कार्रवाई के दौरान करीब 12 किलो एकल उपयोग प्लास्टिक जब्त किया गया, जिसे नियमानुसार नष्ट करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

नगर परिषद् के कर्मियों ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि एकल प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है और भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। दोबारा उल्लंघन पाए जाने पर भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नगर परिषद् की ओर से यह भी कहा गया कि प्लास्टिक मुक्त नवगछिया बनाना परिषद् की प्राथमिकता है। इसके लिए न केवल छापेमारी अभियान जारी रहेगा, बल्कि आम नागरिकों और दुकानदारों को कपड़े व जूट के थैले अपनाने के लिए जागरूक भी किया जाएगा। परिषद् ने नागरिकों से अपील की है कि वे पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें और एकल प्लास्टिक का प्रयोग न करें।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *