नवगछिया। नवगछिया पुलिस जिले के रंगरा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक युवक की बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी। घटना NH-31 स्थित टावर चौक के समीप की है, जहां पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।

Whatsapp group Join

मृतक की पहचान रंगरा चौक निवासी जवाहर यादव के 23 वर्षीय पुत्र पिंटू कुमार के रूप में हुई है। वह अपने परिवार में दो भाइयों में सबसे बड़ा था। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिंटू कुमार खेत में खाद डालने के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान टावर चौक के पास छिपे अपराधियों ने अचानक उसे निशाना बनाकर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। सिर में चार गोलियां लगने से युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

जांच में जुटी पुलिस, पुराने रंजिश की भी जांच

सूचना मिलने के बाद रंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस पुराने विवाद और आपसी रंजिश के पहलू से भी मामले की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि मृतक के पिता जवाहर यादव पशु चराने को लेकर हुए विवाद के चलते करीब दो माह से जेल में बंद हैं। वही घटनास्थल से चार खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। उधर, पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *