बिहपुर। बिहपुर प्रखंड के मड़वा गांव स्थित तेलिहारी टोला के वार्ड संख्या 10 में शुक्रवार की अहले सुबह करीब 2 से 3 बजे के बीच अचानक आग लग गई। इस अगलगी की घटना में दो घर जलकर खाक हो गए, जिससे पीड़ित परिवारों को लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
Total Downloads: 162
इस अगलगी में सुबोध साह, पिता स्वर्गीय बुचो साह का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। घर में रखा सारा घरेलू सामान सहित टोटो की तीन बैटरियां भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गईं। पीड़ित के अनुसार इस घटना में लगभग 3 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
वहीं इसी घटना में अवधि साह, पिता चैतु साह का भी आधा घर जल गया। घर में रखी गृहस्थी की सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई, जिससे करीब 1 लाख रुपये की क्षति आंकी गई है। आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। स्थानीय प्रशासन को भी इस घटना की जानकारी दे दी गई है। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से आपदा राहत सहायता की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो आसपास के कई अन्य घर भी इसकी चपेट में आ सकते थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा।
