बिहपुर। बिहपुर रजिस्ट्री ऑफिस के समीप सड़क पर रविवार की दोपहर एक वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहपुर प्रखंड अंतर्गत मड़वा गांव निवासी दयानंद मलिक (85) के रूप में की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अत्यधिक ठंड लगने के कारण वृद्ध अचानक सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने जब उन्हें उठाने का प्रयास किया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही झंडापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि दयानंद मलिक रोजमर्रा की तरह प्लास्टिक चुनकर कबाड़ी को बेचने के लिए घर से निकले थे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकता पूरी करने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

