नवगछिया। नवगछिया थाना क्षेत्र के नया टोला में सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे पारिवारिक विवाद के कारण बीएसएफ के जवान की पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान लाडली कुमारी (22 वर्ष), पति दिलीप पासवान के रूप में हुई है। दिलीप पासवान वर्तमान में राजस्थान में बीएसएफ में पदस्थापित हैं।
पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के साथ रह रही उसकी बहन से पूछताछ की। मृतका की बहन छोटी कुमारी ने पुलिस को बताया कि वह पिछले छह माह से दीदी के बच्चों की देखरेख के लिए उनके साथ रह रही थी। घटना के समय वह दोनों बच्चों के साथ नीचे के कमरे में थी। दोपहर में जब वह छत पर कपड़े फैलाने गई तो निर्माणाधीन कमरे में दीदी को फंदे से झूलते देखा। शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलने के करीब तीन घंटे बाद शाम 5:30 बजे एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र कर जांच के लिए ले गई। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। नवगछिया थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह ने बताया कि घर को सील कर दिया गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि दिलीप पासवान ने लाडली कुमारी से पांच वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था। लाडली उनकी तीसरी पत्नी थी। आठ वर्ष पहले उनकी पहली पत्नी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके बाद उन्होंने सरिता देवी से दूसरी शादी की थी, जिनसे उन्हें एक पुत्र है। तीसरी शादी के बाद से ही पारिवारिक विवाद शुरू हो गया था। विवाद बढ़ने पर दूसरी पत्नी सरिता नवगछिया में किराए के मकान में रहने लगी थी।
कुछ वर्ष पूर्व दिलीप पासवान ने नया टोला में जमीन खरीदकर मकान बनवाया था, जहां लाडली अपने दो बच्चों के साथ रहती थी। आरोप है कि दिलीप अपनी दूसरी पत्नी को भी उसी घर में रखने का दबाव बना रहे थे, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

