नवगछिया/रंगरा।रंगरा थाना क्षेत्र के मदरोनी चौक के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक बाइक सवार छात्र को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 10वीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान इस्माइलपुर प्रखंड के परबत्ता गांव निवासी ललन मंडल के पुत्र अनुपम कुमार (15) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार अनुपम पढ़ाई के बाद बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान मदरोनी चौक के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनुपम बाइक से उछलकर बीच सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से घायल छात्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। मायागंज अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने अनुपम को मृत घोषित कर दिया।

इधर, जैसे ही अनुपम की मौत की खबर परबत्ता गांव पहुंची, घर में कोहराम मच गया। मृतक अनुपम अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।

पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। रंगरा थाना पुलिस ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *