नवगछिया में बुधवार शाम करीब 6 बजे एनएच-31 पर संतोष धर्म कांटा के समीप एक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के सुकटिया निवासी मोहम्मद आलम के पुत्र मोहम्मद बट्टू उर्फ चाहत के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने युवक को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने युवक की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

