नवगछिया बाजार को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों पूरी तरह जर्जर स्थिति में पहुंच गया है। कुछ समय पहले कराई गई मरम्मत के बावजूद सड़क फिर से उखड़ गई है। जगह-जगह गहरे गड्ढे, कीचड़ और क्षतिग्रस्त हिस्सों के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

यह मार्ग नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल, महिला थाना, एससी-एसटी थाना और आदर्श थाना जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों को जोड़ता है। प्रतिदिन हजारों लोग इसी रास्ते से आवागमन करते हैं, वहीं गंभीर मरीजों को लेकर एम्बुलेंस भी इसी सड़क से गुजरती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बने गड्ढों में एम्बुलेंस के फंस जाने से मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनकी जान पर भी खतरा बना रहता है।

सड़क की बदहाल स्थिति से पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक दिक्कत हो रही है। फिसलन के कारण आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को भी वाहन चलाने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। बारिश होने पर सड़क की हालत और भी बदतर हो जाती है।

स्थानीय नागरिकों ने सड़क मरम्मत कार्य में भारी लापरवाही और घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित विभागों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए और दोषी ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ और कोई बड़ा हादसा हुआ, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी नवगछिया प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *