बिहपुर थाना क्षेत्र के लत्तीपुर उत्तर पंचायत अंतर्गत अमरपुर वार्ड संख्या छह में शनिवार की सुबह एक नवविवाहिता का शव उसके कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान ज्योति कुमारी (लगभग 24 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज एक माह पूर्व अमरपुर निवासी जमुना प्रसाद के छोटे पुत्र सौरव कुमार से हुई थी।
घटना की सूचना मिलते ही बिहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इधर सूचना मिलते ही मृतका के मायके सोनवर्षा वार्ड संख्या 12 से उसके परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण अमरपुर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, जिससे पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।
मृतका के पिता मनोज राय उर्फ मुन्नी ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को फांसी के फंदे से लटका दिया गया है। उन्होंने बताया कि शादी के कुछ ही दिनों बाद से ज्योति के साथ ससुराल में मारपीट और विवाद शुरू हो गया था।

मनोज राय के अनुसार चार दिन पूर्व पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसमें हाथापाई की घटना सामने आई थी। सूचना मिलने पर वे अमरपुर पहुंचे और दोनों को समझा-बुझाकर ज्योति को अपने साथ सोनवर्षा ले आए थे। इसके बाद दो दिन पूर्व फिर विवाद हुआ, जिसमें पति सौरव ने ज्योति का मोबाइल तोड़ दिया। इसके बाद वह घर में न सोकर मुर्गी फार्म पर रात बिताने लगा।
परिजनों का आरोप है कि घटना वाले दिन सुबह सौरव घर आया और वारदात को अंजाम दिया। परिजनों को घटना की जानकारी स्थानीय ग्रामीणों से मिली, जिसके बाद मृतका के पिता ने स्वयं बिहपुर थाना को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एफएसएल टीम को बुलाया, आवश्यक जांच कराई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

