भागलपुर के बबरगंज थाना क्षेत्र से दो नाबालिग लड़कियों के लापता होने का मामला गंभीर होता जा रहा है। वारसलीगंज और अलीगंज के महेशपुर की रहने वाली दोनों छात्राएं 8 तारीख से लापता हैं। घटना को 11 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।

Whatsapp group Join

पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। SIT के गठन के बाद जांच का दायरा और अधिक बढ़ा दिया गया है।

घर से मिले संदिग्ध लव लेटर

जांच के दौरान पुलिस को एक बच्ची के घर से टिशू पेपर पर लिखे दो लेटर मिले हैं, जिनमें “आई लव यू” लिखा हुआ है। लेटर के अंत में छात्रा से मान जाने की अपील भी की गई है। ये दोनों लेटर फिलहाल पुलिस के कब्जे में हैं।

हालांकि, परिजनों ने लेटर को साजिश करार दिया है। उनका कहना है कि यह उनकी बेटियों की लिखावट नहीं है और किसी ने जानबूझकर घर में लेटर रख दिया है ताकि मामला भटकाया जा सके। परिजनों का आरोप है कि यदि समय रहते यह मामला सामने नहीं आता, तो गंभीर जांच शुरू ही नहीं होती।

मानव तस्करी से जुड़ता मामला

सितंबर महीने में लापता हुई एक अन्य बच्ची की आपबीती सामने आने के बाद इस पूरे मामले को मानव तस्करी से जोड़कर देखा जा रहा है। दोनों लापता छात्राओं के साथ पढ़ने वाली एक छात्रा का बयान भी सामने आया है।

छात्रा ने बताया कि तीन महीने पहले उसके जन्मदिन के बहाने उसकी एक सहेली ने उसे बुलाया था और दो सहेलियों ने मिलकर उसे एक गिरोह को बेचने की कोशिश की। छात्रा के अनुसार, उसके साथ मारपीट की गई, किडनी बेचने की धमकी दी गई और उसे बेचने का प्रयास किया गया।

स्कूल पहुंची पुलिस, CCTV खंगाले जा रहे

जांच के क्रम में डीएसपी टू सरयू देवी मोहनलाल बालिका इंटर स्कूल पहुंचीं, जहां उन्होंने शिक्षकों से पूछताछ की। साथ ही विद्यालय और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

SSP का बयान

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। सितंबर महीने की घटना से जुड़े सभी पहलुओं की भी दोबारा पड़ताल की जा रही है। जहां से पहले बच्ची बरामद हुई थी, वहां टीम भेजी गई है। कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई है।

उन्होंने कहा कि यदि किसी संगठित गिरोह की भूमिका सामने आती है, तो उसका भी खुलासा किया जाएगा। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही दोनों बच्चियों का पता लगा लिया जाएगा।

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *