भागलपुर। जिले के जगतपुर और छोटी परवत्ता क्षेत्र में एक युवक पर हिंसक भैंसे के हमले का मामला सामने आया है। छोटी परवत्ता गांव निवासी छांगुरी मंडल का बेटा रोज की तरह मवेशियों के लिए हरा चारा इकट्ठा करने कटकिन्ना बहियार गया था। इसी दौरान एक भैंसे ने अचानक उस पर हमला कर दिया। युवक करीब 10 मिनट तक पानी और कीचड़ के बीच अपनी जान बचाने के लिए भैंसे से जूझता रहा।
Total Downloads: 292
बताया जाता है कि भैंसे ने युवक को पानी में पटक दिया और उस पर हमला करता रहा। गंभीर स्थिति में फंसे युवक ने मदद के लिए शोर मचाना शुरू किया।
चीख सुनकर लाठी लेकर दौड़े बबलू यादव
उस समय जगतपुर निवासी बबलू यादव रिंग बांध के पास अपने पशुओं को चारा दे रहे थे। युवक की चीख-पुकार सुनकर बबलू यादव बिना देर किए हाथ में लाठी लेकर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

पानी और कीचड़ के बीच पहुंचने पर उन्होंने देखा कि भैंसा युवक पर हमला कर रहा है। बबलू यादव ने लाठी से भैंसे को खदेड़ना शुरू किया। लगातार लाठी चलाए जाने के बाद भैंसा पीछे हट गया और युवक की जान बच सकी।
इसके बाद बबलू यादव ने घायल युवक को पानी और कीचड़ से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से घायल का स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार बताया गया है।
राहगीर ने मोबाइल में कैद किया पूरा घटनाक्रम
घटना के दौरान रिंग बांध से गुजर रहे छोटी परवत्ता निवासी प्रभात कुमार ने अपने मोबाइल फोन से पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। वीडियो में बबलू यादव को लाठी लेकर भैंसे को खदेड़ते हुए देखा जा सकता है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बबलू यादव की बहादुरी की चर्चा इलाके में होने लगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर मदद नहीं पहुंचती तो युवक के साथ बड़ा हादसा हो सकता था।
हिंसक मवेशियों से सुरक्षा की मांग
घटना ने दियारा और बहियार क्षेत्र में घूमने वाले हिंसक मवेशियों से किसानों और पशुपालकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बहियार में किसानों और पशुपालकों का रोजाना आना-जाना होता है। ऐसे में हिंसक मवेशियों की मौजूदगी से हादसे का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और पशुपालन विभाग से ऐसे हिंसक मवेशियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल घटना के बाद बबलू यादव की बहादुरी इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
